Thursday, April 25, 2013

बेखबर - बंदगी


न डगर रही न ही रही अब घर की तलाश,
न जिये कभी, न ही किसी पे मर के जले,
न मुड़ सके, न ही किसी मंजिल को फले,
न रुके कभी, न ही किसी सफ़र पे चले,
न खुद से जिये, न किसी पलकों पे पले,
क्यों बेचैन हैं इस ज़िन्दगी के चोले में ?
बेकरारी का कोई तो मुक़ाम होगा?
ज़िन्दगी की अनगिनित साँसों में ..
कहीं तो मेरा हिस्सा बयां होगा ?
बेखबर खुद से हैं हर गली- हिंडोले में ?
कहाँ खोये है कोई तो जगा लो हमको ..
कहूं कैसे खुद से कि कुछ तो कर-गुजरें?
ए ख़ू-ए-यार थोडा तो तरस खाओ।

~ सूफीबेनाम




रात



उस करवट क्यों पड़े हो
ज़रा तो करीब आओ
इस करवट हम हैं यहाँ
थोडा तो बदल जाओ।

बिस्तर में फासले तो कभी भी
बढ़ ना पायेंगे।
उम्मीदों, गिलों, शिकवों को जगह
इतनी न देदो यार।

पास पड़े इस बदन से
थोडा सा तो लिपटकर देखो
अँधेरे यह रास्ते अजीब हैं
थोडा मुझमे सिमट जाओ।

कुछ इल्जामो का लहू कालिख की तरह
चिपका है नज़र पर
अब एहसास तुम्हारा ही बाकी है
अपनी मुस्कराहट से रास्ता दिखाओ

उस करवट क्यों पड़े हो
ज़रा तो करीब आओ …....


~ सूफी बेनाम .




हरश्रृंगार


अवर्तमान आदित्य के संयोग से
शरद ऋतू के आगमन पर
शीत ऋतू का विज्ञापन सा लेकर
हजारों दीयों के से टिमटिमाते
हरश्रृंगार के यह फूल
तुम्हारे साथ की खुशबु पा कर
मेरे अंतर मन में बस से गए हैं

अक्सर ही मेरा मन
व्याकुल हो जाता है हरश्रृंगार के इस अभ्यास से
जीवन-दिन का उजाला जब लुप्त हो जाता है
तो शायद अपने लिए ही या उजाले के आभाव को मिटाने
यह फूल खिलते हैं और चढ़ती हुई लालिमा को प्रणाम करके
बिखर जाते है।








शार्ट- सर्किट




5 एम्पेयर की करंट  पर चलने वाला
एक रिश्ता
अचानक  15  एम्पेयर  की  मांग  
कर  बैठा  है
शांत पड़े तार  भी इसकी
ज़रुरत  से बार  बार  
गरम  हो जाते हैं 
कांपने लगते  हैं
दीवारों  की छुपी  हुई  
झीरिओं  में  बंद
यह  तार बेपसीना हुए
सुलग  रहे  हैं
एम . सी  . बी  . भी  लगातार  
ट्रिप  हो रहा है
मै  बहुत  कोशिश  कर  रहा  हूँ  पर
रौशनी  थम  नहीं  पा  रही  है
बिजली  चली  जाती  है।

~  सूफी  बेनाम .





शक्लें

अब तो यह वाकिया,
कुछ ऐसा  ही रहेगा
किसी बेपनाह बेबाप की  सी  
नज़र से दुनिया देखेंगे ,
और हर मोड़ पर तुम्हारा ज़िक्र
मेरे महबूब करेंगे
अब तो यह वाकिया,
कुछ ऐसा  ही रहेगा
माना  कि  ज़िन्दगी  ने कोई
इलज़ाम  न दिया
पर न ही मज़हबे-ए -पाक  दिया
और न हि  जूनून - ए - फरहाद
हम तो बेबस  ही रहे
सांसों  के  हॊने और
न हॊने के बीच।
अब तो यह वाकिया,
कुछ ऐसा  ही रहेगा
हर  किसी  मोड़  पे
हम  फिर  मिलेंगे
रेत  के  अबार  पर  बेवजह
बिछी  सबा  की  तरह
बेसब्र, बेवजूद  बस
महज़  कुछ  पल  के  लिए
शक्लें बदलती  रहीं
पर कुछ भी अधूरा तो नहीं
अब तो यह वाकिया,
कुछ ऐसा  ही रहेगा।


~  सूफी  बेनाम



योगी की माया


बहुत बेतुकी जीवन की है।
अदभुत सी है ये माया।
असमंजस में आज फंसा हूँ,
अनुरागी का भाव लिये।
योग वियोग से जीवन सजता
ब्रह्म-मलय सी है माया।
लोग मिले, संजोग सजे,
कलको, आज बिगड़ने को ?
आज नहीं जो कल था मेरा 
जो आज मिले संजोग सजे।

अनुरागी का जीवन सजता 
राग,  वैराग्य और द्वेष लिए।
आनंदित होने को व्याकुल,
अनुरागी की यह काया।
अनुरागी सा जीवन मेरा 
वितरागी उपदेश गहे ?
समय नहीं था इस को समझूं 
समय नहीं कुछ कान करूं।
संभव है कुछ कर गुज़ारूंगा 
संभव जग माया को समझूं।

पर एक तरफ था युग का साया 
और एक तरफ योगी की माया।

20x2x1996


मेरे मन का सूनापन



कल मैं बहुत खेली  थी .
मेरी छुट्टी थी
माँ भी नहीं थी
पापा भी कहीं थे
थी बस एक बहन, जो मुझ सि बंधी थी
और मुझ से जुड़ी  थी
दादी के साए से पली
बाबा की कहानियों में बड़े हुए थे
हमारे बचपन के दिन .

पर शायद माँ होतीं तो
 रात के पहले पाँव धुलवाती   .
या पापा होते तो सोते ही मेरे पैर
पोछे जाते , और मैं सोने का नाटक कर करवट बदलती
कल मैं बहुत खेली  थी .
मेरी छुट्टी थी
माँ भी नहीं थी
पापा भी कहीं थे.